
जंगली हाथी तांडव, वृद्ध किसान को कुचला, मौत
उमरिया जिले के मानपुर की घटना
एमपी के उमरिया जिले के मानपुर नगरीय इलाके में जंगली हाथी ने कहर बरपाते हुए वृद्ध किसान को रौंद डाला। इस वीभत्स घटना के बाद समूचे क्षेत्र में दहशत, मातम पसर गया। बताया गया है कि मानपुर निवासी अरुणोदयनंद पयासी पिता स्वर्गीय कृष्णपाल 65 वर्ष अपने नाती नयन के साथ अपने खेत में थे, तभी एक दंतेल हाथी आ धमका। किसान को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि नयन घायल हो गया, उसने झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई। किसान अरुणोदय पयासी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर लाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना पन्हाई तालाब के पास की बताई गई है।
मौके में रेंज ऑफिसर मानपुर मुकेश अहिरवार अपने दलबल के साथ मौजूद हैं जिनके द्वारा ग्रामीणों को हाथी के नजदीक न जाने समझाइश दी जा रही है और अपनी टीम के साथ हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना से स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है।
पहले भी हुए है हमले
जंगली हाथियों द्वारा मचाई गई तबाही का यह कोई नया मंजर नहीं है। कुछ दिन पूर्व बांधवगढ़ ताला स्थित बनारस लॉज में घुसकर एक जंगली हाथी ने तांडव मचाते हुए तोड़फोड़ की थी तथा वहां के मैनेजर को भी घायल कर दिया था, उसके बाद पनपथा-पतौर मार्ग पर भी एक टेढ़े दांत वाले जंगली हाथी ने मोटरसाइकिल सवार दंपति पर हमला बोलकर उन्हें चोटिल किया था और उनकी बाइक को कुचल डाला था। हाथियों के तांडव से समूचे क्षेत्र में दहशत व आक्रोश का माहौल है।







