
बिना अनुमति नदी की बीच धार से निकाल रहे रेत, शासन को राजस्व का चूना, प्रशासन मौन
मुडगुड़ी की भदार नदी में बेखौफ चल रहा रेत उत्खनन का खेल, पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल 
उमरिया/कटनी
कटनी और उमरिया जिले की सीमा पर स्थित नदियों में रेत के अवैध उत्खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेत माफिया कथित तौर पर नियम-कानून को ताक पर रखकर नदी की बीच धार से रेत निकाल रहे हैं। इससे शासन को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही नदियों के प्राकृतिक स्वरूप पर भी खतरा मंडरा रहा है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
- ग्रामीणों के अनुसार उमरिया जिले के ग्राम मुडगुड़ी के समीप भदार नदी पड़वार क्षेत्र की नदी में बिना अनुमति रेत का उत्खनन धड़ल्ले से किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रेत निकालने के लिए नदी की बीच धार तक पहुंचकर उत्खनन किया जा रहा है। इस पूरे कारोबार के चलते शासन को मिलने वाले राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नदी में खुलेआम रेत निकाली जा रही है, लेकिन पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की कथित अनदेखी के चलते अवैध कारोबार करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
आखिर किसके संरक्षण में चल रहा कारोबार?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नदी में बिना अनुमति उत्खनन हो रहा है तो जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भदार नदी में हो रहे कथित अवैध उत्खनन की निष्पक्ष जांच कराने, मौके पर निरीक्षण करने और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।







