
बरही की सड़कों पर बेखौफ
दौड़ रहे रेत से भरे ट्रैक्टर, भदार नदी में अवैध उत्खनन का आरोप
कटनी-उमरिया सीमा पर नियमों को ताक पर रखकर रेत का कारोबार जारी, शासन को राजस्व की चपत; वन्यजीवों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा, जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई पर उठे सवाल
बरही/कटनी। कटनी और उमरिया जिले की सीमा पर रेत के कथित अवैध उत्खनन एवं परिवहन का कारोबार लगातार जारी होने के आरोप सामने आ रहे हैं। बरही नगर की सड़कों पर दिन-रात रेत से भरे ट्रैक्टर बेखौफ दौड़ रहे हैं। नगर के आबादी वाले क्षेत्रों में इन ट्रैक्टरों की तेज आवाजाही से आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर बरही तहसील क्षेत्र की सीमा से लगे बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से निकलने वाली जीवनदायिनी भदार नदी में कथित तौर पर बिना अनुमति रेत उत्खनन किए जाने के आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत कारोबार से जुड़े लोग नियमों को ताक पर रखकर नदी की बीच धार से रेत निकाल रहे हैं और बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा है। इससे शासन को मिलने वाले राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके बावजूद पुलिस, राजस्व, खनिज, परिवहन एवं वन विभाग की प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देने से जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आबादी क्षेत्र में ट्रैक्टरों की धमाचौकड़ी, हादसों की आशंका
बरही नगर की सड़कों पर रेत से भरे ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। दिन हो या रात, ट्रैक्टरों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं होने से सड़क पर चलने वाले राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। सवाल यह है कि आखिर नगर की सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर दौड़ रहे इन वाहनों की जांच कौन करेगा?
भदार नदी में मनमाना उत्खनन, राजस्व को नुकसान का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से निकलने वाली भदार नदी में रेत का मनमाने तरीके से उत्खनन किया जा रहा है। आरोप है कि नदी के बीच धार से रेत निकालकर उसका परिवहन किया जा रहा है। यदि उत्खनन बिना वैध अनुमति और निर्धारित नियमों के विपरीत हो रहा है तो यह शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचाने के साथ पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि नदी में उत्खनन की अनुमति, रॉयल्टी, परिवहन दस्तावेज और संबंधित वाहनों की जांच कराई जाए। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
वन्यजीवों के विचरण पर खतरा, नदी के अस्तित्व पर संकट
भदार नदी के आसपास बाघ, भालू, हिरण, तेंदुआ सहित अन्य वन्यजीवों का विचरण होने की बात स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बताई जा रही है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और मशीनों से संभावित उत्खनन वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास एवं विचरण को प्रभावित कर सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार रेत निकासी से नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बनने और नदी की संरचना बिगड़ने की आशंका है। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो भविष्य में जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में पुलिस, खनिज, राजस्व, आरटीओ और वन विभाग की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भदार नदी के आसपास उत्खनन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। नदी क्षेत्र में संयुक्त टीम बनाकर निरीक्षण किया जाए और बरही नगर में रेत से भरे ट्रैक्टरों के दस्तावेजों एवं परिवहन नियमों की जांच की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि भदार नदी में कथित अवैध उत्खनन और बरही नगर की सड़कों पर दौड़ रहे रेत से भरे ट्रैक्टरों पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा? क्या जिम्मेदार विभाग नदी, पर्यावरण, वन्यजीवों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे या फिर यह कारोबार इसी तरह जारी रहेगा?







