
कटनी के बरही में 9 जून को सजेगी सूफियाना महफिल फैजान अजमेरी और आशिफ चिश्ती बिखेरेंगे कलाम का जादू
रूह को सुकून देने वाली महफ़िल में शिरकत करने अपील
कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही नगर की पावन सरज़मीं पर हज़रत दाता भुलनशाह वली रहमतुल्लाह अलैह का सालाना 2 दिवसीय उर्स मुबारक 8 एवं 9 जून 2026 को अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया जाएगा। उर्स के मौके पर दरगाह शरीफ में आस पास के क्षेत्र से आने वाले जायरीन और अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। 9 जून को रूह को सुकून देने वाली सूफियाना महफ़िल सजेगी, जिसमें फैजान अजमेरी और आशिफ चिस्ती कलाम का जादू बिखेरेंगे।
8 को चादरपोशी, 9 को कब्बाली
उर्स कार्यक्रम के तहत 8 जून, सोमवार को चादरपोशी, फातिहा, लंगर एवं तबर्रुक वितरण का आयोजन होगा, जबकि 9 जून, मंगलवार रात्रि 9 बजे से भव्य कव्वाली एवं महफिल-ए-समां का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की महफिल का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध सूफी गायक एवं कव्वाल फैजान अजमेरी और आशिफ चिश्ती होंगे, जो अपने रूहानी कलाम, हम्द, नात और मनकबतों से महफिल को इश्क-ए-रसूल और औलिया-ए-किराम की मोहब्बत से सराबोर करेंगे। उनके सूफियाना अंदाज़ और दिलकश प्रस्तुतियां श्रोताओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर देंगी।
रहेगा माकूल इंतजाम
उर्स कमेटी द्वारा जायरीन के लिए रोशनी, पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति ने सभी धर्मों और समाज के लगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा के दरबार में हाजिरी देने और उर्स की रौनक बढ़ाने की अपील की है।
बरही का बड़ा सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्सव
बरही का यह ऐतिहासिक उर्स केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मोहब्बत, भाईचारे, अमन और इंसानियत का पैगाम देने वाला एक बड़ा सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्सव है, जो नगर की गंगा-जमुनी तहज़ीब को और मजबूत करता है। आयोजन समिति ने 8 एवं 9 जून को हज़रत दाता भुलनशाह वली रहमतुल्लाह अलैह के दरबार में हाजिर होकर उर्स मुबारक की बरकतों में शामिल होने की अपील की है।







