
*सर्वेयर का नाटक, फजीहत में किसान*
*सर्वेयर ने पहले खुलवाई धान की बोरिया, फिर बोला अब सोमवार को होगी खरीदी*
*गोदाम स्तरीय धान खरीदी केंद्र कृष्णम वेयर हाउस बरही में अभी तक 1 दाना उपज की नही हो पाई खरीदी*
*150 किसानों का स्लाट है बुक, सर्वेयर कर रहा आउटलुक*
कटनी/बरही। कहने को तो प्रशासनिक पुख्ता इंतजाम के बीच 2 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी प्रारम्भ है, लेकिन बरही के कृष्णम वेयर हाउस के केंद्र में अब तक 1 दाना भी उपज की खरीदी अब तक नही हो पाई है, जबकि यहां 150 किसानों ने स्लाट बुक कराएं है, लेकिन यहां सर्वेयर के आउटलुक की वजह से खरीदी प्रभावित है। पिछले 4 दिन से अपनी उपज बेचने पहुँचे कनोर गांव के किसान प्रेमलाल जायसवाल, गणेशदत्त जायसवाल का आरोप था कि सर्वेयर के नाटक करने से वे परेशान है, पहले सर्वेयर ने धान को बोरों से अलग करने बोला, जब धान को बोरियों से अलग कर दिया तो अब वे तौल कराने से इंकार कर रहे है, सर्वेयर के इस नाटक के चलते बिना तुलाई के खुले आसमान के नीचे किसानों की उपज पड़ी हुई है।
धान खरीदी में सर्वेयर का कॉन्सेप्ट क्लियर न होने का खामियाजा यहां उपज बेचने पहुँचे किसान तो 4 दिन से भोग ही रहे है, जिसका सीधा असर खरीदी पर भी पड़ रहा है, खरीदी कर रहे प्रभारी का कहना था कि जब तक सर्वेयर उपज को पास नही करेंगे, तब तक वे तुलाई नही करा सकते। बहरहाल किसानों की परेशानी के सवाल पर यहां तैनात किए गए सर्वेयर भूपेंद्र लोधी अपने सुपरवाइजर से एडवाइज लेने के बाद बोले कि अब जो गलती हुई वह रिपीट नही होगी, सोमवार से तुलाई प्रारम्भ होगी। इस केंद्र में यही आलम रहा तो किसान आखिर कितने दिन इंतजार के लिए विवश रहेंगे। इस केंद्र में खरीदी का जिम्मा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बरही का है, जो सर्वेयर की कार्यशैली को लेकर खरीदी शुरू होने के पहले ही परेशान नजर आ रही है।







