
खबर के बाद महानदी पहुँचे बरही के नपा अध्यक्ष
इंटेकबेल तक पानी लाने खुदाई में जुटा सीएमआर प्रबंधन
नपा अध्यक्ष ने नगरवासियों से पानी का अपव्यय रोकने की अपील
बरही। कटनी जिले के नगर परिषद बरही में पेयजल संकट की आहट की खबर प्रकाशित करते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए नपा बरही के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल परिषद के कर्मचारियों के साथ महानदी पहुँच गए, जहाँ इंटेकबेल तक पानी पहुचाने के लिए सीएमआर प्रबंधन नदी की खुदाई कराने में जुटा हुआ है, जिससे बरही नगर में पेयजल की आपूर्ति की जा सके। गौरतलब है कि बरसात न होने से नदी का जल स्तर तेजी से घट रहा है, जिससे पेयजल आपूर्ति में खलल पैदा हो गया है।
खबर के बाद अध्यक्ष ने कुछ इस तरह की अपील
पेयजल संकट की खबर के बाद नीद से जागे नपा अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगरवासियों से अब पानी सहेजने की अपील कर रहे है, वे लिखते है कि प्रिय नगरवासियों जैसा कि आप सभी जानते ही है कि सुचारू पेयजल की आपूर्ति के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे है, लेकिन वर्षा ऋतु के एक माह बीतने के बाद भी बरसात नही हो रही है, जिससे अब नदी भी सूखने की कगार पर है, जिससे नगर की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। वर्तमान में नदी का जल स्तर नीचे चला गया है, आगामी दो-तीन दिन पानी सप्लाई में आपको थोड़ा कष्ट उठाना पड़ेगा, जिसका हमें खेद है फिर भी लगातार प्रयास कर रहे हैं नगर में जहां भी पानी की आवश्यकता होगी टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा क्योंकि यह प्राकृतिक आपदा है। अतःआप सभी नगर के लोगो से सहयोग की अपेक्षा एवं विनम्र अनुरोध है पानी का दुरुपयोग रोके एवं यदि आपके पास स्वयं का बोर है तो आसपास के लोगों की मदद करने की अपील की है।







