
रास्ता के लिए अधिकारियों से मिन्नत
बरही के वार्ड 01 के वाशिंदे वर्षो से मांग रहे रास्ता
कलेक्टर के नाम तहसीलदार, एसडीएम को ज्ञापन
बरही/कटनी। नगर परिषद बरही के वार्ड क्रमांक 01 में करीब 400 की आबादी वाले मोहल्ले में पहुँचने के सड़क, नाली की दरकार है। यहां के वाशिन्दे वर्षो से रास्ता निकालने के लिए अधिकारियों, क्षेत्रिय जनप्रतिनिधियों से मिन्नत कर रहे है, लेकिन आज तक यहां निकलने के लिए रास्ता नही मिल पाया, जिससे ये नरकीय जीवन जीने विवश है। शनिवार को यहां के दर्जनभर ग्रामीण रास्ता पाने की उम्मीद लेकर तहसील कार्यालय बरही पहुँचे हुए थे। कलेक्टर के नाम तहसीलदार के साथ एसडीएम को भी ज्ञापन सौपकर आमरास्ता मोहल्ले तक पहुचाने की आरजू/मिन्नत की है।
बरही नगर के वार्ड 01 के पीड़ित वार्डवासी गिरधारी, दशरथ, गोपी, रामकरण, दीपक, हरिप्रसाद, गोविंद, शंकर, रामलाल, बिन्दा, सागर, दानी, दरवारी, अतुल, अविनेश यादव आदि ने सौपे ज्ञापन में बताया कि बरही मैहर मार्ग स्थित तालाब के पीछे करीब 400 लोग 3 दशक से निवास कर रहे है, इनमें से कइयों को आवास योजना का लाभ भी मिला है, लेकिन वर्षो से यहां पहुँचने के लिए रास्ता नही मिल पाया है, जबकि शासकीय भूभाग में अतिक्रमण करने का आरोप लगाया गया है।
गोठान भूमि में कब्जा, जननी वाहन भी नही पहुँचता
कलेक्टर के नाम दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि यहां स्थित खसरा नंबर 52 की भूमि राजस्व के पुराने अभिलेख में गोठान मद में दर्ज है, जिसमे छेड़छाड़ की गई है। बताया गया है कि बरसात में यहां जननी वाहन न पहुँचने पर महिलाओं को प्रसव-पीड़ा होने पर खाट पर लिटाकर मुख्य सड़क तक पहुचाने की मजबूरी है। इतना ही नही नगर परिषद बरही के ये वाशिन्दे पेयजल योजना से भी बंचित है, इन्हें अभी तक वोट के लिए सिर्फ छला गया है, मूलभूत सुविधा सड़क, पानी, नाली से महरूम रखा गया है। जिले के संवेदनशील कलेक्टर से बरही नगर के इन वाशिंदों ने मूलभूत सुविधा निकलने के लिए रास्ता, पानी निकासी के लिए नाली और पेयजल की व्यवस्था कराने की गुजारिश की है। 







