
कटनी के बरही में निकली महाप्रभु जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा, जयघोष से गूंजा नगर

बरही/कटनी। भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथयात्रा के अवसर पर शुक्रवार को बरही नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। श्रीरामलला दरबार से रामलला मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष उत्तम शर्मा के नेतृत्व में महाप्रभु भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विजयनाथधाम शिव मंदिर पहुँची।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ की डोर खींचकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ जी के महाप्रसाद (भात) का वितरण किया गया। नगर के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में सहभागिता निभाई। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर एवं आरती उतारकर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान रिमझिम बारिश ने भी भक्तों का उत्साह कम नहीं किया। श्रद्धालु वर्षा के बीच भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते महाप्रभु के रथ के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरे नगर में आस्था, उल्लास और धार्मिक उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।







