
ट्रकों की उड़ती धूल से परेशान रहवासी, प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
बरही में रात-दिन दौड़ रहे खनिज से भरे भारी वाहन,धूल से लोग खांसी-दमा सहित अन्य बीमारियों की चपेट में आने से हो रहे बीमार

कटनी जिले के बरही नगर में खनिज संपदा से भरे भारी वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। नगर की सड़कों पर दिन-रात दौड़ रहे गिट्टी से भरे ट्रकों और ट्रैक्टरों के कारण धूल के गुबार उठते हैं, जिससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि धूल के कारण खांसी, दमा और सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं, लेकिन धूल रोकने के लिए प्रशासन और संबंधित प्रबंधन द्वारा कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
नगर में कुटेश्वर लाइमस्टोन माइंस और जाजागढ़-ददरा क्षेत्र से गिट्टी लेकर निकलने वाले भारी वाहन आबादी वाले इलाकों से गुजरते हैं। वाहनों के लगातार दबाव से सड़कों पर जमा धूल उड़कर घरों,दुकानों और आसपास के वातावरण में फैल रही है। इससे रहवासियों का घरों में रहना और दुकानदारों का व्यवसाय करना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत कर धूल पर नियंत्रण लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
हीरापुर-छिंदिया टोला में सबसे अधिक परेशानी
नगर के वार्ड क्रमांक 14 और 15 के हीरापुर एवं छिंदिया टोला क्षेत्र में धूल की समस्या सबसे अधिक बताई जा रही है। यहां गिट्टी से भरे ट्रक और ट्रैक्टर दिन-रात बस्ती के बीच से गुजरते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर धूल उड़ती रहती है, जिससे स्थानीय रहवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि धूल के कारण आसपास के खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने कई बार सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने की मांग उठाई, ताकि उड़ती धूल पर नियंत्रण किया जा सके। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा क्रेशर प्लांट संचालकों को नियमित पानी का छिड़काव करने के निर्देश नहीं दिए गए, वहीं प्लांट संचालकों की ओर से भी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
कुटेश्वर माइंस के ट्रकों से दिन-रात उड़ रही धूल
कुटेश्वर लाइमस्टोन माइंस के भारी वाहन खन्ना बंजारी रेलवे साइडिंग तक दिन-रात आवाजाही करते हैं। इन वाहनों के गुजरने से सड़क पर धूल का गुबार उठता है और आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में प्रदूषण फैल रहा है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि खनन एवं परिवहन गतिविधियों से जुड़े प्रबंधन द्वारा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और अन्य आवश्यक उपाय क्यों नहीं किए जा रहे हैं जबकि सर के तहत प्रतिशत करोड रुपए खर्च किया जाता है बावजूद लोगों की सेहत को देखते हुए धूल को रोकने कोई इंतजाम नहीं किया गया जो में है कि लोग सड़कों से उड़ती धूल के कारण बीमार हो रहे।
खनन गतिविधियों के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रावधान होने के बावजूद बरही नगर और खन्ना बंजारी रेलवे साइडिंग के आसपास धूल नियंत्रण के इंतजाम न होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
आखिर कब जागेगा प्रशासन?
धूल से परेशान नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, खनिज परिवहन में लगे वाहनों पर निगरानी रखी जाए तथा संबंधित माइंस एवं क्रेशर संचालकों को धूल नियंत्रण के लिए जिम्मेदार बनाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो धूल और प्रदूषण की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। अब देखना होगा कि प्रशासन रहवासियों की इस समस्या पर कब ध्यान देता है।







