
करंट से 10 वर्षीय मासूम की अकाल मौत
तार बाड़ी में फैल रहा था बिजली का करंट
विजयराघवगढ़ के वार्ड नं. 15 की घटना
कटनी। नगर परिषद विजयराघवगढ़ के वार्ड क्रमांक 10 में शुक्रवार को करंट की चपेट में आए 10 वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही अकाल मौत होने की घटना प्रकाश में आई है।घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कटी बिजली की तार से जाली में उतरा करंट
बताया गया है कि विजयराघवगढ़ के वार्ड क्रमांक 15 अंतर्गत रामबाग अखाड़ा मोहल्ला निवासी सुनील कोल का 10 वर्षीय पुत्र प्रतीक शुक्रवार को घर के पास खेल रहा था। सुनील कोल के घर के ठीक सामने पड़ोसी द्वारा सुरक्षा के लिए लोहे के तारों की बाड़ी लगाई गई है। पड़ोसी द्वारा घर से खींचा गया बिजली का एक तार इस लोहे की बाड़ी के संपर्क में था। तार कहीं से कटा होने के कारण पूरी तार बाड़ी में तेज करंट प्रवाहित हो रहा था। मासूम प्रतीक खेलते-खेलते जैसे ही इस बाड़ी के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी घटना स्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ थाना पुलिस और विद्युत विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद करवाकर शव को अपने कब्जे में लिया।
पड़ताल में जुटी पुलिस
पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा आदि की आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी करने के उपरांत मासूम प्रतीक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ भेजा गया। जहाँ डॉक्टरों की टीम द्वारा शव परीक्षण (पीएम) किए जाने के बाद लाश अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दी गई है। पुलिस मर्ग कायम पड़ताल में जुट गई है।







