
कटनी के बरही में दिल्ली के जंतर-मंतर का असर
भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में बरही में प्रदर्शन
नारे लिखे हाथ मे तख्तियां लेकर आक्रोशित युवाओं का प्रोटेस्ट

बरही/कटनी। दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे प्रोटेस्ट का असर कटनी जिले के बरही नगर में है। यहां के जागरूक युवा, स्कूल, कालेज के विद्यार्थी नारे लिखे तख्तियां लेकर पिछले 2 दिन से प्रदर्शन कर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और सीजेपी के प्रोटेस्ट के समर्थन में उतरे है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी नागरिकों एवं युवाओं ने मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की भी मांग की।
मौन प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर बिना नारेबाजी के अपनी मांगों और समर्थन का संदेश देते नजर आए।
वही दिल्ली पुलिस द्वारा भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरिया उठाकर अस्पताल में भर्ती कराने और शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने की घटना को दमनकारी बताते हुए लोकतंत्र की हत्या करार दिया।







