
समोसा-कचौड़ी, चाट के ठेले, टपरे को हटाया
बिना अनुमति आधीरात कर लिया था कब्जा
नगर परिषद बरही की कार्यवाई से जुड़े होश
बरही/कटनी। रविवार की सुबह नगर परिषद बरही के अमले ने अवैध रूप से समोसा-चाट, कचौड़ी के ठेले-टपरों को हटाने की कार्यवाई प्रारम्भ की तो अतिक्रमणकारियों के होश उड़ गए। दरअसल नगर परिषद द्वारा पुराने बस स्टैंड के पास पड़ी भूमि को फीलिंग कराने के उपरांत यात्री प्रतिक्षालय हटने से प्रभावित दुकानदारों के स्थापन के लिए व्यवस्था बनाने में जुटी हुई थी, तभी बीती रात कुछ लोगो द्वारा अवैध रूप से ठेला-टपरे रख कर कब्जा जमा लिया था, जिसे रविवार की सुबह मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामशिरोमणि त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक मनोज कोरी, निर्माण प्रभारी बृजेश मिश्रा, स्वच्छता प्रभारी तीरथ चतुर्वेदी रिंकू, राजकुमार वर्मा सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यवाई करते हुए हटा दिया गया।
खुद टपरे बनवाकर देगा नपा
खबर है कि जिस स्थल में फीलिंग कराई गई है, वहां पहले प्रभावित दुकानदारों को 8-8 फिट की जगह एलाट करने की तैयारी की गई थी, अब नगर परिषद प्रशासन द्वारा वहां खुद व्यवस्थित एक से टपरे बनवाकर प्रभावित दुकानदारों को एलाट किया जाएगा, दुकानदारों से एग्रीमेंट होगा और न्यूनतम मासिक किराया भी तय होगा, जिससे परिषद की आमदनी में इजाफा भी होगा और व्यवस्थित दुकाने लगने से यहां का दृश्य भी व्यवस्थित दिखेगा। बहरहाल अवैध ठेले-टपरों को हटा कर नपा व्यवस्था बनाने की तैयारी में जुट गई है।







