
अमरकंटक में भजन गायक युवक की रामघाट में डूबने से अकाल मौत
गुरुपूर्णिमा का उत्साह मातम में बदला, खबर से शहर में छाया सन्नाटा
भिंड जिले का रहने वाला था मृतक, जीजा और भाई के साथ नहा रहा था मृतक
संवाददाता – श्रवण उपाध्याय
अनूपपुर। अमरकंटक में गुरुपूर्णिमा का उत्साह उस वक्त मातम में बदल गया, जब डैम में नहाते वक्त एक 22 वर्षीय भजन गायक की डूबने से अकाल मौत हो गई। घटना की खबर से समूचे अंचल में सन्नाटा पर गया। घटना अमरकंटक नर्मदा नदी में बना प्रथम पुष्कर डैम के रामघाट में गुरुवार की दोपहर की है। मृतक राज भदौरिया 22 वर्ष निवासी ग्राम बालनपुर, थाना बालनपुर, जिला भिंड का रहने वाला था।
जीजा और भाई के साथ पहुंचा था नहाने
मृतक राज भदौरिया अपने बड़े भाई अर्जुन भदौरिया और मुंहबोले जीजा के साथ गुरुपूर्णिमा के मौके पर दोपहर भोजन पश्चात स्नान के लिए नर्मदा नदी स्थित रामघाट पहुंचा हुआ था। डैम में स्नान करते हुए तैरते-तैरते नदी के अंदर फव्वारे तक जाने के बाद पानी के अंदर फव्वारे में लगी तार या रेलिंग में पैर या कपड़ा फंस जाने की वजह से उसकी डूबने से मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय निवासी कृष्णा गया पानी के अंदर से बाहर निकाला, लेकिन युवक की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस,पटवारी मौके पर पहुंचे। मृतक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक लाया गया,जहां मौजूद चिकित्सक डॉ रानू प्रताप सिंह ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 22/25 बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार राज भदौरिया अमरकंटक स्थित शांति कुटी आश्रम का शिष्य था। वह भजन और संगीत का एक उभरता हुआ गायक था तथा आश्रम में रहकर अध्ययन भी कर रहा था। उसका व्यवहार विनम्र और अध्यात्म के प्रति समर्पित बताया गया है।
इस अप्रत्याशित हादसे से अमरकंटक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर जब हजारों श्रद्धालु आस्था के भाव से घाट पर उपस्थित थे यह घटना सभी को स्तब्ध कर गई । पीएम बाद उनका अंतिम संस्कार नर्मदा तट पर किए जाने की खबर है।







