
बरही क्षेत्र में सुर्खियां बटोर रहा दारू और बारू का मुद्दा
कटनी। पुलिस कप्तान अभिजीत कुमार रंजन जिले के थाना प्रभारियों को भले ही कानून-व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने, जनसंवाद स्थापित करने, अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश दे रहे है, वावजूद इसके बरही थाना इलाके में दारू और बारू के अवैध कारोबार का मसला खूब सुर्खियां बटोर रहा है। शनिवार की दोपहरी बरही के खितौली चौकी अन्तर्गत मिड़की घाट में रेत के अवैध कारोबार को लेकर जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा की आक्रोशित ग्रामीणों ने रेत कंपनी के कर्मचारियों के बोलेरों वाहन में तोड़-फोड़ कर डाली, वही शुक्रवार को भाजपा मंडल बरही के महामंत्री पीडी ताम्रकार ने सीएम के नाम पत्र जारी कर अवैध शराब कारोबार का मसला उठाकर कानून-व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए। गत सप्ताह ग्राम डोकरिया के ग्रामीणों ने भी चौपाल लगाकर गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की गुहार लगा डाली।
इन पर दर्ज हुआ मामला
- खितौली चौकी क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार को लेकर शनिवार की दोपहर नदी घाट में रेत ठेकेदार के आधा दर्जन कर्मचारी बोलेरो वाहन में सवार होकर पहुँचे, जहाँ मौजूद जित्तू ठाकुर, गोलू ठाकुर, गौरव सोनी से कहा-सुनी हुई और देखते ही देखते मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रेत ठेकेदार के कर्मचारियों के वाहन में भी तोड़फोड़ कर दी। इस विवाद की खबर लगते ही मौके पर खितौली चौकी पुलिस पहुँच गई। खितौली चौकी पुलिस ने रेत ठेकेदार के कर्मचारी मोहम्मद सिकंदर की शिकायत पर जित्तू ठाकुर, गोलू ठाकुर, गौरव सोनी के विरुद्ध धारा 294, 323, 506, 427, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह विवाद रेत चोरी को लेकर उपजा था। हालांकि मौके पर रेत चोरी के संबंध में न तो ट्रेक्टर मिले और न ही कोई अन्य वाहन।







