
बेलगाम दौड़ रहे रेत से भरे वाहन, आखिर कब लगेगी लगाम? प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

बरही की आबादी के बीच दिन-रात दौड़ रहे ट्रैक्टर और ट्रक, अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
कटनी/बरही। कटनी जिले के बरही नगर में रेत से भरे ट्रैक्टर और ट्रकों की बेलगाम आवाजाही लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नगर की आबादी वाले इलाकों से दिन-रात तेज रफ्तार में गुजर रहे रेत से भरे वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन बेलगाम वाहनों पर लगाम कब लगेगी?
गौरतलब है कि क्षेत्र के आसपास रेत उत्खनन की अनुमति नहीं होने के बावजूद रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि रेत माफियाओं द्वारा उमरिया जिले के बांधवगढ़ क्षेत्र से निकलने वाली मुड़गुड़ी की भदार नदी और जाजागढ़ की पीपही नदी में नियमों को ताक पर रखकर रेत का उत्खनन किया जा रहा है। नदी की बीच धार से मनमाने तरीके से रेत निकालकर शासन को राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही है।
वहीं इन नदियों से निकाली जा रही रेत से भरे ट्रैक्टर और ट्रक सैकड़ों की संख्या में बरही नगर की सड़कों से होकर गुजर रहे हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से आम नागरिकों, राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि खनिज विभाग, आरटीओ, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद इन वाहनों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिम्मेदार विभागों की कथित अनदेखी के चलते अवैध उत्खनन और परिवहन का कारोबार बेखौफ संचालित होने के आरोप लग रहे हैं।
ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय ग्रामीणों और नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो और आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही पर रोक लगाने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर रेत से भरे वाहन इसी तरह सड़कों पर धमाचौकड़ी मचाते रहेंगे।







