
बरही अग्निकांड के विरोध में कांग्रेस पार्षदों का सामूहिक इस्तीफा, कलेक्टर को सौंपा त्यागपत्र
6 लोगों की दर्दनाक मौत से आक्रोशित पार्षदों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होने पर उठाया कदम, कलेक्टर ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन
कटनी। जिले के बरही नगर में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अग्रवाल परिवार के घर में लगी भीषण आग में दो माह के मासूम सहित छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद जहां पूरे नगर में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं अब प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी सामने आने लगी है।
घटना से व्यथित होकर कांग्रेस के आधा दर्जन पार्षदों ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी को त्यागपत्र सौंप दिया। पार्षदों का आरोप है कि इस दर्दनाक हादसे के पीछे जिम्मेदारों की लापरवाही रही है। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद अब तक जिम्मेदारों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
पार्षदों का कहना है कि छह लोगों की असमय मौत ने पूरे बरही नगर को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद प्रशासन ने जांच-पड़ताल शुरू करने की बात कही थी, लेकिन कार्रवाई में देरी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध और मृतकों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
वहीं कलेक्टर आशीष तिवारी ने पार्षदों को मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
सामूहिक इस्तीफे से नगर की राजनीति में हलचल
बरही में हुए इस भीषण अग्निकांड के बाद अब मामला केवल हादसे तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राजनीतिक रूप भी लेता जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे से नगर की राजनीति में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।







