
बरही क्षेत्रवासियों को नहीं मिली सरकारी बस की सौगात
शासन की योजना से अछूता रहा क्षेत्र, ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा का इंतजार

कटनी। मध्यप्रदेश में आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी बस सेवा शुरू करने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में सरकारी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके बाद कई क्षेत्रों में बसों का संचालन शुरू हो चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
वहीं कटनी जिले के बरही क्षेत्र के रहवासी अभी भी सरकारी बस सेवा का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरही क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी निवास करती है और आसपास के गांवों से लोगों का प्रतिदिन बरही सहित कटनी, उमरिया एवं अन्य क्षेत्रों में आना-जाना होता है। ऐसे में सरकारी बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में कटनी जिले के विजयराघवगढ़, रीठी और बहोरीबंद क्षेत्रों में सरकारी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन बरही क्षेत्र को इसमें शामिल नहीं किया गया। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बरही क्षेत्र को सरकारी बस सेवा से कब जोड़ा जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि बरही क्षेत्र भी जिले का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। निजी यात्री वाहनों पर निर्भरता के चलते यात्रियों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से बरही क्षेत्र में भी सरकारी बस सेवा शुरू किए जाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि शासन और जिला प्रशासन बरही क्षेत्रवासियों की इस मांग पर कब ध्यान देता है और सरकारी बस सेवा का लाभ क्षेत्र के लोगों को कब मिल पाता है।- खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें संदीप स्वर्णकार पत्रकार कटनी मो. 9893249335






