
छोटे वाहनों पर कार्रवाई, बड़े ओवरलोड वाहनों पर क्यों नहीं? प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

बरही (कटनी)। कटनी जिले के औद्योगिक नगर बरही में खनिज संपदा के परिवहन को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा छोटे एवं छुटपुट वाहनों पर तो लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन रेत, गिट्टी एवं अन्य खनिजों से भरे बड़े ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
ग्रामीणों एवं नगरवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों से खनिज संपदा का परिवहन किया जाता है और कुछ वाहनों द्वारा बिना वैध दस्तावेज अथवा नियमों का पालन किए परिवहन किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों की नियमित जांच की जाए तो राजस्व की हानि रोकने के साथ-साथ अवैध परिवहन पर भी अंकुश लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि बरही नगर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दिन-रात रेत और गिट्टी से भरे भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है और आमजन की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
नगरवासियों ने मांग की है कि खनिज विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग, परिवहन विभाग (आरटीओ) तथा संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाकर नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों पर निष्पक्ष कार्रवाई करें, ताकि अवैध परिवहन पर रोक लग सके और शासन के राजस्व की सुरक्षा हो सके।






