
बहुत शानदार:-हादसे के बाद आखिर जागा बरही का स्थानीय प्रशासन
बरही के पुराने बस स्टैंड चौराहे की दिखने लगी लंबाई-चौड़ाई

बरही/कटनी। नगर परिषद बरही के पुराने बस स्टैंड चौराहे में अराजक यातायात व्यवस्था के चलते बुधवार की दोपहर बड़ा हादसा होने के बाद स्थानीय प्रशासन नींद से आखिरकार जाग ही गया और चौराहे में पसरे ठेला, टपरा सजी दुकानों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया, जिसके बाद चौराहे का दृश्य देखते ही बन रहा है। चौराहे की लंबाई-चौड़ाई दूर-दूर से दिखने लगी। यातायात भी सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। नगर परिषद के हादसे के बाद ही जाग जाने की और संभावित खतरे को भांपते हुए की गई कार्यवाई की हर शहरी प्रशंशा करते हुए उम्मीद भी कर रहा है कि यूँ ही सक्रियता बनी रहेगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

जाम से हर आम व्यक्ति को राहत मिले। लोग यह भी कह रहे है कि ठेला टपरे वालों की दुकान कही भी सजवा दीजिए, लेकिन चौराहे को बख्श दीजिए। ठेला-टपरा सजाने के लिए नया बस स्टैंड खाली पड़ा है, कटनी मार्ग में हायर सेकंडरी स्कूल के पास का एरिया खाली है, टीआई बंगला का मैदान भी कुछ बोझ कम कर सकता है और भी बहुत सारे बिकल्प है। जहाँ बाजार सजेगी, दुकाने लगेगी वही खरीददार भी पहुँच जाएंगे, लेकिन चौराहे को छोड़ दीजिए और यूँ ही सक्रियता बनाए रखिए…हर शहरी खूब दुआएं देगा….







