
खाद संकट पर BJP किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा खत
ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर स्टॉक प्रदर्शित न किए जाने की शिकायत
आरोप-स्टॉक भरपूर, जानबूझकर निर्मित की परेशानी
कटनी। भारतीय जनता पार्टी, किसान मोर्चा कटनी के जिलाध्यक्ष तीरथ पटेल ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जिले में खाद एवं यूरिया की उपलब्धता और ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर स्टॉक प्रदर्शित न किए जाने की शिकायत की है।
स्टॉक का प्रदर्शन न होने से भटक रहे किसान
पत्र में कहा गया है कि कई खाद विक्रेता अपनी दुकानों पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक को पोर्टल पर अपडेट नहीं कर रहे हैं। इसके कारण किसानों को समय पर खाद और यूरिया नहीं मिल पा रहा है, उन्हें 25 से 50 किलोमीटर दूर तक भटकना पड़ रहा है।
खाद न मिलने से कृषि कार्य प्रभावित
जिलाध्यक्ष तीरथ पटेल ने आरोप लगाया कि निजी विक्रेताओं एवं कुछ शासकीय वितरण केंद्रों पर पर्याप्त भंडारण होने के बावजूद स्टॉक पोर्टल पर दर्ज नहीं किया जा रहा, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
भौतिक सत्यापन कराने की मांग
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले के सभी खाद विक्रेताओं एवं वितरण केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया जाए, पोर्टल पर वास्तविक स्टॉक प्रदर्शित करना सुनिश्चित किया जाए तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।







