
कटनी के बरही से आनंद सराफ की रिपोर्ट…. अप्टूडेट जानकारी सिर्फ खबरएमपी 24 पर
*बरही में प्रेमिका का गलाघोटकर हत्या करने वाले हत्यारे भैयालाल को आजीवन कारावास की सजा*
*माननीय न्यायलय चतुर्थ अपर सत्र एवं जिला न्यायाधीश कटनी ने सुनाई सजा*
*बरही के खन्ना – बंजारी स्टेशन आउटर में अर्धनग्न अवस्था में मिला था युवती का शव*
*बंबई से मिलने बरही पहुंचा था हत्यारा प्रेमी भैयालाल उर्फ नीरज पाल*
*एक फोन कॉल से हुआ था संदेह,प्रेमिका को उतार दिया था मौत के घाट*
*मृतिका का मोबाइल ले गया था आरोपी*
बरही/कटनी। प्रेमिका की गलाघोट कर हत्या करने वाले हत्यारे भैयालाल उर्फ नीरज पाल को माननीय न्यायलय चतुर्थ अपर सत्र एवं जिला न्यायाधीश कटनी ने साक्ष्य एवं गवाहों के आधार पर हत्या की धारा 302 के मामले में आजीवन कारावास और 1000 रूपए अर्थदंड एवं धारा 201 के तहत 3 वर्ष का सश्रम कारावास और 500 रूपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। हत्यारे ने अपनी प्रेमिका को बरही थाना क्षेत्र के खन्ना बंजारी स्टेशन आउटर में वारदात को संदेह के आधार पर अंजाम देकर फरार हो गया था। बरही पुलिस ने 7 दिसंबर 2021 को मृतिका का शव गुलमेहडी की झाड़ियों से बरामद किया था। उक्त जानकारी मीडिया सेल प्रभारी सुरेंद्र कुमार गर्ग द्वारा जारी प्रेस नोट के माध्यम से प्राप्त हुई।
बंबई से मिलने आया था प्रेमी
भैयालाल पाल अपनी प्रेमिका से मिलने बंबई से बरही आया था, जबकि मृतिका शहडोल जिले के ब्योहारी थानाक्षेत्र से मिलने आई थी। दोनो खन्ना बंजारी स्टेशन में वारदात के दिन मिले थे। बरही बाजार करने के उपरांत दोनो खन्ना बंजारी स्टेशन आउटर में पहुंच गए थे और एक – दूसरे में बाते हो रही थी, तभी मृतिका के मोबाइल में किसी का काल आया, जिसपर उसने फोन डिस्कनेक्ट कर दिया, इसी बात को लेकर भैयालाल को संदेह हुआ, पुनः काल आया तो भैयालाल ने फोन रिसीव किया, जिसमे किसी युवक की आवाज थी। फिर क्या था संदेह इतना
बढ़ा की भैयालाल ने प्रेमिका की गलाघोट कर हत्या कर फरार हो गया था।
*मोबाइल ने उगला था राज*
प्रेमिका को मौत के घाट उतारने के बाद उसका मोबाइल फोन लेकर हत्यारा प्रेमी भाग गया था। शकूर खान नामक शख्स ने पुलिस को इत्तिला दी थी की एक अर्धनग्न अवस्था में युवती का शव गुलमेहडी की झाड़ियों में पड़ा है। बरही पुलिस मृत अज्ञात युवती की शिनाख्तगी के प्रयास में जुट गई थी, 3 दिन तक पुलिस के हाथ खाली थे, आरोपी उसी मोबाइल फोन से मृतिका के बहन के फोन में मैसेज किया की अब जीने की उम्मीद नही है, मृतिका के परिजन बरही पहुंचे और मृतिका की शिनाख्त परिजनों ने 10 दिसंबर 2021 को सीमा पाल के रूप में की। पुलिस ने मृतिका के मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को उसके घर से 12 दिसंबर 2021 को दबोच लिया, जिसने अपना जुर्म कबूल किया। तत्कालीन टी आई संदीप अयाची ने इस अंधी हत्या का पर्दाफाश किया था।
वारदात के 4 साल बाद हत्यारे प्रेमी युवक भैयालाल उर्फ़ नीरज पाल के खिलाफ साक्ष्य, गवाह, अनुसंधान एवं विशेष लोक अभियोजन के तर्कों से सहमत होते हुए माननीय न्यायालय ने अपना अहम फैसला सुनाते हुए पीड़ित पक्ष को न्याय दिया।







