
*चंदिया क्षेत्र से अपह्त 9 साल की बच्ची के आरोपी को बरही क्षेत्र से पुलिस ने दबोचा*
*उमरिया डीआईजी सविता सुहाने, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया ने बरही पुलिस के सहयोग से आरोपी को दबोचा*
कटनी। उमरिया जिले के चंदिया थानाक्षेत्र से एक 9 वर्षीय बच्ची को स्कूल से निकलते ही बाइक सवार युवक द्वारा अपहरण के मामले में बरही पुलिस के सहयोग से उमरिया पुलिस ने आरोपी माँ-बेटे को पकड़कर बरही से रवाना हो गई है।
आरोपी को पकड़ने उमरिया से डीआईजी सविता सुहाने, एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया ने पुलिस
अमले के साथ आए हुए थे। बरही टीआई शैलेन्द्र सिंह यादव और बरही पुलिस के साथ उमरिया जिले की पुलिस ने आरोपी चंद्रशेखर पिता त्रिभुवन प्रताप कुशवाहा 32 वर्ष को थानाक्षेत्र के ग्राम गडौहा रेलवे क्रासिंग के पास दबिश देकर दबोच लिया। आरोपी की माँ को भी पुलिस साथ लेकर रवाना हो गई। आरोपी को पडकने में बरही के थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव, हवलदार अजय पाठक, आरक्षक अवधेश सिंह की अहम भूमिका रही।
घटनाक्रम के बारे में उमरिया डीआईजी सविता सुहाने ने बताया कि बीती शाम करीब 4 बजे 9 साल की बच्ची का अपहरण उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र से हुआ था, अपह्त बच्ची क्षेत्र के बांका-बरही की रहने वाली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर आरोपी की तलाश कर रही थी। आज सुबह अपह्त बालिका बस से अपने घर पहुँच गई, जिससे पूछताछ में उसने बताया कि बरही थानाक्षेत्र के करौदी निवासी चंद्रशेखर और उसकी मां ने उसे बस में बैठा दिया था। दरअसल आरोपी की जमीन अपह्त बच्ची के पड़ोस में थी, जिसे आरोपी बेच चुका था, न जाने किस वजह से उसने बच्ची का अपहरण किया और मामला तूल पकड़ने पर उसे बस में बैठाकर रवाना कर दिया। बहरहाल पूरे मामले की पूछताछ के उपरांत ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होगा।







