
बरही के गब्दि-निपानिया में चरवाहे पर बाघ ने किया हमला
मौत के मुँह से बच गया चरवाहा, कटनी रेफर
बरही/कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के तहसील क्षेत्र बरही के आखिरी छोर में बांधवगढ़ बफर जोन से सटे गब्दि-निपानिया गांव में मवेशी चरा रहे चरवाहे पर बाघ ने अटैक कर दिया। बाघ के अटैक से चरवाहा 28 वर्षीय बबलू पिता सुखलाल चक्रवर्ती लहूलुहान हो गया, लेकिन उसने हिम्मत नही हारी, उसकी चीख-पुकार सुनकर आस-पास के किसान दौड़े तो बाघ बबलू को छोड़कर जंगल की ओर लौट गया। यह घटना बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे की है। बताया गया है कि बफर जोन से सटे राजस्व क्षेत्र में बाघ ने हमला किया है। बहरहाल बफर जोन के कर्मचारियों ने लहूलुहान बबलू को बरही अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से प्राथमिक उपचार उपरान्त बेहतर इलाज के लिए पीड़ित को कटनी रेफर किया गया है।







