
बरही का यात्री प्रतीक्षालय/रामलीला मंच मलबे में हुआ तब्दील
कटनी/बरही। कटनी के नगर परिषद बरही क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड में सुचारू यातायात में बाधक बने यात्री प्रतीक्षालय/रामलीला मंच अब मलबे में तब्दील हो चुका है। रविवार की रात साढ़े 9 बजे से इसे हटाने की कार्यवाई प्रारम्भ की गई। यह कार्यवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामशिरोमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रारम्भ की गई, जिसे नपा के स्वच्छता प्राभारी तीरथ चतुर्वेदी, निर्माण प्रभारी बृजेश मिश्रा सहित नपा के अन्य आला-अधिकारियों की मौजूदगी में रामलीला मंच को जेसीबी से धरासाई कराया गया, जिसका मलबा हटवाया जा रहा है। दिन में यातायात में किसी तरह की बाधा न हो, इसलिए रात में यात्री प्रतीक्षालय को हटाने की कवायद की गई है। गौरतलब है कि वाहनों के भारी दबाव के चलते यहां दिनभर जाम के हालात होने के साथ ही यह यात्री प्रतीक्षालय अघोषित मार्केट के रूप में तब्दील हो चुका था, जहां दिनभर हादसे की आशंका बनी रहती थी, पिछले एक साल से इसे हटाने की मांग की जा रही थी, लेकिन कुछ राजनीतिक लाभ लेने वाले इसमें अड़ंगा बने हुए थे…
सीएमओ का आया गुस्सा तो रातोरात साफ हुआ प्रतीक्षालय
यात्री प्रतीक्षालय के चारो ओर ठेला-टपरा, गुमटी में दुकानें सजती थी, जिन्हें हटाने के बाद भी वे दूसरे दिन फिर डट जाते थे…खबर है कि एक दुकानदार ने कमेंट कर दिया कि इस प्रतीक्षालय में अधिकारी की कब्र बनने वाली है, बात अधिकारी के कानों तक पहुँची और फिर होना क्या था, अधिकारी को ताव आया और बोले अब बस कोई नेतागिरी नही चलेगी और फिर क्या था आज ही यात्रीप्रतिक्षालय का अब सिर्फ अवशेष बचा है। बहरहाल माजरा चाहे जो भी हो इस प्रतीक्षालय के हट जाने से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में बहुत बड़ी राहत मिल जाएगी….हालांकि दर्जनभर दुकानदार की रोजी-रोटी पर खलल भी पड़ गया है।







