
शाला भवन की छत की परत बच्चों के ऊपर गिरी
5 छात्र-छात्राएं हुए जख्मी, बरही अस्पताल में किया भर्ती
घटना की खबर से अलर्ट हुआ प्रशासन, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

बरही/कटनी। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे बरही तहसील क्षेत्र के ग्राम केवलारी में उस वक्त हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई, जब शाला भवन के छत की मोटी परत क्लास में बैठे बच्चों के ऊपर गिरी। यह हादसा प्राथमिक शाला भवन सेहरा टोला ग्राम केवलारी में हुआ। घटना की खबर पाते ही नायब तहसीलदार श्री नामदेव, बरही से चिकित्सक डॉ पीयूष तिवारी, खितौली चौकी प्रभारी सहित अन्य अमला पहुँचा, जहाँ लहूलुहान हुए बच्चों का प्राथमिक उपचार कराया गया। घायल कक्षा 2 की छात्रा कविता पिता दीपनारायण रघुवंशी
दिव्यासी पिता राकेश गौड़, कक्षा 1 की शुभी पिता रामदास पाल, छात्र यश पिता संदीप गौड़ को बरही अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन सभी के सिर में चोट आई है, जिनका उपचार किया जा रहा था, वही छात्र नैतिक गौड़ को मामूली चोट आने पर उसके घर भेज दिया गया था।
शिक्षक चंदेल ने प्रशासन को दी जानकारी
बताया गया है कि हादसे के तत्काल बाद वहां पदस्थ शिक्षक शिवकुमार सिंह चंदेल ने घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी, जिससे हरकत में आए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँच कर राहत पहुचाने में जुट गया था।
घटिया निर्माण का आरोप
केवलारी के इस स्कूल में हुई घटना से प्रशासन सबब लेने की जरूरत है। बहुत बड़ा हादसा टल गया, बच्चों को मामूली चोटें आई है। ऐसी जर्जर स्कूलों में हो रहे अध्यापन कार्य पर ध्यान देने की जरूरत है। बताया गया है कि इस स्कूल का निर्माण हुए अभी एक दशक भी नही बीता और छत बदहाल हो गई।







