
*मृत कुत्ता हटाने के एवज में 800 रुपए स्वीपर को देने पर उपजा विवाद*
बरही थानाक्षेत्र के कुआं गांव का मामला
इंट्रो- पूर्व सरपंच के ट्रेक्टर से आवारा कुत्ते की मौत और उसे हटाने के एवज में रुपए की मांग को लेकर रीवाँ में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर के चाचा से विवाद हुआ। इस विवाद में डिप्टी कलेक्टर के माता-पिता सहित सचिव के पति भी जख्मी हुए है। यह विवाद कटनी जिले के बरही थाना के ग्राम कुआँ का है।
बरही/कटनी। रीवाँ में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर अनुराग तिवारी के चाचा संतोष तिवारी का विवाद पूर्व सरपंच व उसके परिवार से हो गया। विवाद इतना बढ़ा की डिप्टी कलेक्टर के चाचा के साथ बीच-बचाव में उसके पिता अशोक तिवारी व माँ भी लहूलुहान हुए, वही सचिव उषा कोरी के पति कंछेदी लाल कोरी भी घायल हुआ है। सभी घायलों का उपचार कटनी के एक हॉस्पिटल में जारी है।
*कुत्ते की मौत के बाद उपजा विवाद*
यह विवाद कटनी जिले के बरही थानाक्षेत्र के ग्राम कुआं में बुधवार की सुबह हुआ है। घटना के संबंध में हासिल जानकारी मुताबिक बरही के कुआं गांव के पूर्व सरपंच प्रहलाद सोनी के ट्रेक्टर से एक आवारा कुत्ता की मौत संतोष तिवारी के घर के सामने मंगलवार की रात हो गई थी, जिसे हटाने के लिए बुधवार की सुबह विवाद हो गया। बताया गया है कि पूर्व सरपंच का ट्रेक्टर लौट रहा था, जिसे संतोष तिवारी ने रोककर चाभी निकाल लिए। मृत कुत्ता को हटाने के लिए 800 रुपए स्वीपर को देने के लिए कहा-सुनी इतनी बढ़ी की संतोष तिवारी ने पूर्व सरपंच से मारपीट कर दी, जिससे आक्रोशित पूर्व सरपंच के परिजनों ने संतोष तिवारी पर धावा बोल दिया। बीच-बचाव में आए डिप्टी कलेक्टर के पिता अशोक तिवारी व उनकी माँ के साथ ही सचिव उषा कोरी के पति कंछेदी लाल को भी चोट आई, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही लाया गया, जहां से सभी घायलों को कटनी रेफर कर दिया गया। पूरे मामले की पड़ताल करने में बरही पुलिस फिलहाल जुटी हुई है।







