
कटनी। मंगलवार की शाम जिला पंचायत कटनी के सीईओ शिशिर गेमावत मतदान केंद्रों की स्थिति का जायजा लेने बरही पहुँचे, जहां उन्होंने निरीक्षण कर बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने नगर परिषद बरही के सीएमओ मनोहर बिंझवार को निर्देश दिए।
सीईओ श्री गेमावत ने उपस्थित सभी बीएलओ से पूर्व के मतदान की स्थिति की जानकारी लेते हुए मतदान का प्रतिशत बढाने के हर सम्भव प्रयास करने के निर्देश दिए। बरही के शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल में बने 4 मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया, यहां कमरों में कम रोशनी होने पर उन्होंने बल्ब लगाने निर्देश दिए। इसी तरह बरही के अन्य मतदान केंद्रों में पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिए। इस अवसर पर सीएमओ मनोहर बिंझवार, अजय तिवारी, बीएलओ आकाश तिवारी, विष्णु विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि 2 दिन बाद 17 नवंबर को मतदान होना है, मतदान केंद्रों में 16 नवंबर को मतदान दल पहुँच जाएंगे। मतदान केंद्रों में सारे इंतजाम पुख्ता है कि नही इस ओर प्रशासन मुस्तैदी के साथ काम मे जुटा हुआ है।







