
विजयराघवगढ़ के चुनावी रण में 2 संजय, 2 नीरज
रीवाँ के नीरज सिंह बघेल, लूली के संजय कुमार ने भी दाखिल कर दिया पर्चा
चारों विधानसभा मे 70, तो विजयराघवगढ़ में कुल 15 उम्मीदवारों ने जमा किया नाम निर्देश पत्र
कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा के चुनावी समर में 15 उम्मीदवारों ने नाम निर्देशन पत्र जमा किया है, जिनमे 2 संजय, 2 नीरज के अलावा अन्य अभ्यर्थी शामिल है। भाजपा के कमल निशान से संजय सत्येंद्र पाठक तो कांग्रेस के हाथ का पंजा चुनाव चिन्ह से नीरज कुमार सिंह ने पर्चा दाखिल कर दिया है। वही चाणक्य वार्ड क्रमांक 8 इंजीनियनरिंग कालेज रीवाँ के नीरज सिंह बघेल ने भी निर्दलीय नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया, जिन्होंने अंगूठी, गन्ना किसान चुनाव चिन्ह की मांग की है, जबकि लूली-उबरा के संजय कुमार ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अंगूठी, फूल गोभी, गन्ना किसान चुनाव चिन्ह की मांग की है।
इधर बहुजन मुक्ति पार्टी से हरकेश कुमार ने भरा पर्चा
इस बार विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी ने अपना समर्थन गोंगपा को दिया है, जबकि कांटी के रहने वाले हरकेश कुमार ने बहुजन मुक्ति पार्टी से अपना नामांकन दाखिल करते हुए चुनाव मैदान में उतर आए है। इसी तरह बरही की रश्मि श्रीवास्तव आदर्श कांग्रेस पार्टी, बरही के शिवनारायण सोनी जनता दल यूनाइटेड, लईक अहमद कुरैशी गोंगपा, रामलला सिंह यादव पिछड़ा समाज पार्टी यूनाइटेड, राममिलन सपा, सुशील कुमार पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक, नरेंद्र कुमार पांडेय, राजकुमार शर्मा, रामभुवन व ऋषि निर्दलीय उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया है।
जिले में 70 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
विधानसभा निर्वाचन के नाम निर्देशन जमा करने की प्रक्रिया के तहत सोमवार 30 अक्टूबर तक जिले के कुल 70 अभ्यर्थियों नें नाम निर्देशन पत्र जमा किया है। विधानसभा मुड़वारा में 25 प्रत्याशी, बहोरीबंद में 21 प्रत्याशी, विजयराघवगढ़ में 15 प्रत्याशी व बड़वारा में कुल 9 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र जमा किया है।
2 नवंबर को नामांकन वापसी, 3 को होगी मतगणना
दाखिल किये गए सभी नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा आज 31 अक्टूबर को की जायेगी तथा नामांकन वापन लेने की तिथि 2 नवंबर, मतदान तिथि 17 नवंबर तथा मतगणना तिथि 3 दिसंबर निर्धारित है।







