
कल्याण सेवा आश्रम अमरकंटक को मिला कपिला गौशाला सेवार्थ पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने भेंट की 2 लाख नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र
संवाददाता / श्रवण उपाध्याय

अनूपपुर/अमरकंटक। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली , पवित्र नगरी अमरकंटक के कल्याण आश्रम को कपिला गौशाला सेवार्थ का राज्य स्तरीय पुरुस्कार प्राप्त हुआ है। गत 20 जून को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित राज्य स्तरीय गौशाला सम्मेलन के गो पालक , गोशाला संचालक एवं प्रतिनिधियों को सहभागिता के महिती एवं विशाल कार्यक्रम में अनूपपुर जिले के पवित्र नगरी अमरकंटक के कल्याण सेवा आश्रम ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे कपिला गौशाला को राज्य स्तर का तृतीय पुरस्कार प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 2 लाख रुपए का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कार एवं सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम में मंत्री लखन पटेल , मंत्री विश्वास सारंग , भोपाल नगर निगम महापौर मालती राय आदि इस आयोजन में उपस्थित रहे ।
भोपाल पहुंचे थे स्वामी धर्मानंद जी महाराज
पवित्र नगरी अमरकंटक के कल्याण सेवा आश्रम ट्रस्ट की ओर से प्रतिनिधि रूप में स्वामी धर्मानंद जी महाराज ने चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया । स्वामी जी के साथ अमरकंटक के पत्रकार उमाशंकर पांडे (मुन्नू) उनके साथ रहकर उक्त पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किए।
कपिला संगम में सवा 2 सौ गाय की हो रही सेवा
यह भी उल्लेखनीय है कि कल्याण सेवा आश्रम ट्रस्ट अमरकंटक के द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 8 कपिला संगम में गो संरक्षण , गो संवर्धन एवं उपचार का बेहतर ढंग से उच्च तकनीक के द्वारा किया जाता है । वर्तमान समय में कपिला गोशाला लगभग सवा दो सौ की संख्या में गो एवं बछड़े है । गोमाता की सेवा एवं अन्य व्यवस्था हेतु गोशाला में कल्याण सेवा आश्रम द्वारा 20 कर्मचारी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं । कल्याण सेवा आश्रम के द्वारा गो माता की सेवा सुश्रुआ देखभाल एवं भोजन आदि की व्यवस्था व्यवस्थित रूप में की जाती है साथ ही बीमार होने पर त्वरित उपचार किया जाता है । गोशाला में संरक्षण संवर्धन का विशेष व्यवस्था है तथा विशेष गौरतलब यह भी है कि गोशाला के प्रत्येक हाल में सु-मधुर बांसुरी का संगीत 24 घंटे निरंतर बजता रहता है । गोमाता को भगवान श्रीकृष्ण की मधुर बांसुरी धुन बजती रहती है । गोबर , गोमूत्र होने पर त्वरित साफ सफाई रखी जाती है ।परम तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज के विशेष कार्यों के तहत गोशाला का संचालन कल्याण सेवा आश्रम के द्वारा किया जा रहा है । कल्याण सेवा आश्रम के व्यवस्थापक/प्रबंधक ट्रस्टी श्री हिमाद्री मुनि जी महाराज द्वारा कपिला गोशाला का कुशल देख भाल एवं व्यवस्था संचालन किया जाता है ।







