
बरही में सुबह-सुबह अध्यक्ष, सीएमओ ने थामा झाड़ू
नए बस स्टैंड से स्वच्छता पखवाड़े का हुआ आगाज
तालाबा के घाटों का किया चका-चक
बरही/कटनी। स्वच्छ भारत मिशन के शुभारंभ की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर नगर परिषद बरही द्वारा स्वभाव स्वच्छता- संस्कार स्वच्छता की थीम पर स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ मंगलवार की सुबह नए बस स्टैंड में झाड़ू लगवाकर किया गया। बस स्टैंड प्रांगण में सफाई ने लिए नपा अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामशिरोमणि त्रिपाठी, उपाध्यक्ष मोहन सिंह गौड़, पार्षद सुरेश सोनी पंडा, पार्षद संतोष द्विवेदी, पूर्व नपा उपाध्यक्ष राजेन्द्र सोनी बग्घा, रमेश तोमर, तीरथ चतुर्वेदी, बृजेश मिश्रा, संदीप वर्मन सहित नपा के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, सफाइमित्र हाथ मे झाड़ू लेकर बस स्टैंड की सफाई में जुट गए थे। बस स्टैंड के उपरांत नगर के श्रीरामलला तालाब प्रांगण, तालाबा घाटों को चकाचक किया गया, सब्जी मंडी क्षेत्र में भी स्वच्छता जागरूकता अभियान तहत झाड़ू लगाकर लोगो को मोटिवेट किया गया।
स्वच्छता जागरूकता पखबाड़े का श्रीगणेश करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामशिरोमणि त्रिपाठी ने बताया कि 18 सितंबर को साइकल रैली, 19 को विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला, 20 को सभा एवं सफाई मित्रों का सम्मान किया जाएगा, 25 सितंबर को स्वच्छता प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के मकसद से 15 दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है, जिसमे महिलाओं की भी सहभागिता हो इसके लिए नगर की कालोनियों में सफाई एवं सौदर्यीकरण, होम विजिट कार्यक्रम के साथ ही स्कूलों में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छता पखवाड़ा में आयोजित होने वाले कार्यक्रमो में नगर के गणमान्यजनों, पार्षदगणों, नगरवासियों से सहभागी बनने एवं नगर को साफ-सुथरा व व्यवस्थित बनाने में आगे आकर सहयोग करने की अपील अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, सीएमओ श्री त्रिपाठी ने की है।







