
परिणय सूत्र में बंधे 51 जोड़े, लिए सात फेरे, विधि विधान से हुई शादी
खबर एमपी 24 कटनी संवाददाता:- विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत धूम धाम से हुआ सामूहिक विवाह जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने नवदंपति को दिया आशीष और शुभकामनाएं, कैमोर में भी हुआ कार्यक्रम*
कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत गुरुवार को विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत प्रांगण में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से चयनित 51 जोड़ों का विवाह विधि विधान से संपन्न कराया गया।
*सात जन्मों तक साथ निभाने का लिया संकल्प*
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जोड़ों ने सात जन्मों तक एक दूसरे का साथ निभाने के संकल्प के साथ साथ फेरे लिए। जनप्रतिनिधि और अधिकारी/कर्मचारी विवाह के साक्षी बने और परिणय सूत्र में बंधे नवदंपति को आशीष और शुभकामनाएं दीं। शासन के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधियों द्वारा द्वारा प्रत्येक जोड़े को 49000 के चेक और उपहार सामग्री भेंट की गई।
जनपद द्वारा मंगाए गए थे आवेदन
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रतेश जैन द्वारा बताया गया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा समय-समय पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत गरीब जरूरतमंद लोगों के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान, विवाह/निकाह योजना के माध्यम से विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी तारतम्य में विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली 76 ग्राम पंचायतों से उक्त योजना के तहत विवाह के लिए इच्छुक युवक/युवतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की बारीकी से जांच की गई जिस दौरान 51 जोड़ों के आवेदन पात्र पाए गए।
51 जोड़ों ने थामा एक दूसरे का हाथ
योजना के तहत 19 फ़रवरी, गुरुवार को योजना के तहत पूरे विधि विधान से 51 जोड़ों के विवाह सम्पन्न कराए गए। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुबे, नगर परिषद उपाध्यक्ष हरिओम बर्मन, विजयराघवगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीराम सोनी, जनपद सदस्य संतोष लोधी, विनोद यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, जनपद के अधिकारी/कर्मचारियों की उपस्थिति थी।
कैमोर नगर पंचायत में 12 जोड़ों के हुए सामूहिक विवाह
कैमोर नगर पंचायत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक ऐतिहासिक एवं भव्य विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। यह आयोजन अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और भव्यता के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। नगर पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार की सुसंगठित और शानदार व्यवस्था पहले कभी देखने को नहीं मिली। नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि इस सामूहिक विवाह में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन के सभी नियमों का पालन करते हुए यदि अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता पड़े तो वह भी की जाए, चाहे इसके लिए व्यक्तिगत खर्च ही क्यों न करना पड़े। उनका उद्देश्य था कि सभी बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और धूमधाम से सम्पन्न हो।
इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 12 वैवाहिक जोड़ों ने विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। बारात की व्यवस्था किसी बड़े पारिवारिक विवाह से कम नहीं थी। अध्यक्ष के निर्देश पर पाँच घोड़ा गाड़ी (रथ), बैंड-बाजा, डीजे तथा अन्य सभी पारंपरिक व्यवस्थाएँ की गईं। बारात नगर पंचायत कार्यालय से निकलकर मंगल भवन पहुँची। मंगल भवन को अत्यंत आकर्षक और भव्य रूप से सजाया गया था, जिसे देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध रह गए। बाहर से आए अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी पार्षदों का धन्यवाद व्यक्त किया और आयोजन की भरपूर सराहना की।
खबर एमपी 24 कटनी संवाददाता संदीप स्वर्णकार की रिपोर्ट







