
ब्लैक आउट से परेशान रेलवे कर्मचारी ने 34 बार किया कॉल
बिजली विभाग के जेई ने नंबर किया ब्लैक लिस्टेड
खबर के बाद परेशान कर्मचारी का घर हुआ रोशन…
बिल जमा होने के बाद भी बत्ती गुल करने का मामला
बरही/कटनी। नगर परिषद बरही के वार्ड क्रमांक 03 में निवासरत रेलवे कर्मचारी गया बंशकार ने जेई द्वारिका प्रजापति के मोबाइल नंबर में एक-दो बार नही बल्कि 34 दफा फोन लगाया तो उन्होंने जबाब देने की बजाय नंबर को ही ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। दरअसल मार्च क्लोजिंग के मद्देनजर बकाया बिजली बिल वसूली के लिए बरही हनुमानगंज क्षेत्र की बिजली ही 3 दिन से गुल कर दी गई थी। जिनके घरों बिल जमा थे, उनकी बत्ती गुल थी। 3 दिन से लाचार, परेशान गया बंशकार ने जब जेई के नंबर कई दफा काल किया तो उन्होंने बिना रिस्पॉन्स दिए ही गया के नंबर को ब्लैक लिस्ट में ही डाल दिया। खबर के बाद आनन-फानन ने जेई ने गुरुवार की शाम गया बंशकार सहित 4 हनुमानगंज वासियों के घरों में छाए अंधेरे को 3 दिन बाद रोशन करा दिए।
60 उपभोक्ताओं के बाकी है साढ़े 5 लाख
जेई द्वारिका प्रजापति का कहना है कि बिजली कनेक्शन उस क्षेत्र का विच्छेद कराया गया है, बरही के हनुमानगंज क्षेत्र के करीब 60 उपभोक्ताओं के साढ़े 5 लाख रुपए बिजली बिल जमा नही है। 90 फीसदी उपभोक्ताओं के बिल जमा नही है। कम से कम 50 फीसदी बिल जमा होने के बाद ही बिलजी आपूर्ति हो सकेगी।
ये अंधेरगर्दी नही तो क्या है!
गया बंशकार का आरोप था कि जिन घरों के बिजली बिल जमा है, उनका क्या कसूर, मोहल्ले के करीब 100 ऐसे उपभोक्ता है, जिनके बिल जमा है, जबकि 60 उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया है, ऐसे में सभी की बत्ती गुल करना विद्युत विभाग की अंधरेगर्दी है। बहरहाल गया बंशकार सहित 4 घरों की बिजली आपूर्ति अस्थाई रूप से बहाल कर दी गई, जबकि शेष उपभोक्ताओं को आज शुक्रवार को राहत देने आश्वस्त किया गया है।







