
बरही नगर के वार्ड 03-04 में ब्लैक आउट
3 दिन से गुल है बिजली,प्रभावित आधी आबादी
जिनका बिल जमा उनके घर मे भी छाया अंधेरा
बरही/कटनी। विद्युत विभाग की बिल वसूली को लेकर तरह-तरह की खबरे सामने आ रही है, कही हंगामा हो रहा है, तो कोई खंभे में चढ़ रहा है। बरही नगर के वार्ड क्रमांक 03 और 04 हनुमाम गंज क्षेत्र की बिजली पिछले 3 दिन से गुल है। बिजली विभाग द्वारा बिल जमा न होने की स्थिति में यहां का कनेक्शन ही विच्छेद कर दिया गया है, जिनके बिल जमा है उनके घरों में भी बिजली गुल है, यहां के रहवासी खासा हलाकान, परेशान है। इस वस्ती के गया वंशकार सहित अन्य रहवासियों का आरोप है कि जिन उपभोक्ताओं के बिल जमा है, उनका क्या कसूर है, लेकिन विद्युत मंडल ने पूरे इलाके की ही बिजली गुल कर दी है, जो अंधेरगर्दी है।
60 उपभोक्ताओं के बाकी है साढ़े 5 लाख
बिजली गुल के पीछे की आखिर वजह क्या है, इस बारे में जेई द्वारिका प्रजापति का कहना है कि बिजली कनेक्शन उस क्षेत्र का विच्छेद कराया गया है, बरही के हनुमानगंज क्षेत्र के करीब 60 उपभोक्ताओं के साढ़े 5 लाख रुपए बिजली बिल जमा नही है। 90 फीसदी उपभोक्ताओं के बिल जमा नही है। कम से कम 50 फीसदी बिल जमा होने के बाद ही बिलजी आपूर्ति हो सकेगी।







